इस महीने आयोजित होने वाले MWC 2018 इवेंट में जहां कई स्मार्टफोन प्रदर्शित होंगे, वहीं नोकिया ब्रांडेड स्मार्टफोन भी दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। एचएमडी ग्लोबल द्वारा नोकिया फोन लॉन्च के लिए मीडिया इनवाइट भेजे जाने शुरू हो गए हैं, जो कि 25 फरवरी को होगा। उम्मीद की जा रही है कि इस इवेंट में कंपनी Nokia 9 स्मार्टफोन का प्रदर्शन कर सकती है। हालांकि आॅफिशियल तौर पर फोन के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। किंतु लॉन्च से कुछ दिन पहले Nokia 9 स्मार्टफोन को एचएमडी ग्लोबल आधिकारिक हाथों में देखा गया है।
रिपोर्ट के अनुसार जकार्ता के इंडोनेशियाई बाजार के लिए Nokia 8 को हाल ही में लॉन्च किया गया था। वहीं अब inet.detik द्वारा दी गई रिपोर्ट के मुताबिक Nokia 9 को अाधिकारिक हाथों में दिखाया गया है। हालांकि सामने आई कुछ इमेज ब्लर हैं और स्पष्ट नजर नहीं आ रही हैं। किंतु पिछले लीक से अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह इमेज Nokia 9 की हो सकती हैं।
लीक हुई इमेज में सैमसंग Galaxy S8 और Galaxy Note 8 के समान कर्व्ड ऐज डिसप्ले देखा जा सकता है। फोन का बैक कवर ग्लास से बना है जिसमें डुअल वर्टिकल आकार में डुअल कैमरा सेटअप और उसके नीचे फिंगरप्रिंट सेंसर मौजूद हैं। वहीं साथ में एलईडी फ्लैश भी स्थित है। इसके अलावा एक इमेज में फोन के कैमरे को उपयोग करते हुए भी दिखाया गया है।
बता दें कि एचएमडी ग्लोबल केवल Nokia 9 के अलावा और भी स्मार्टफोन को इस इवेंट में लॉन्च करेगा जिसमें Nokia 1 और ग्लोबल बाजार में Nokia 6 (2018) और इसके साथ ही Nokia 3310 का 4जी मॉडल भी पेश किया जा सकता है। वहीं हाल ही में आई एक रिपोर्ट में जानकारी दी गई थी कि कंपनी अप्रैल में Nokia 6 (2018), Nokia 1, Nokia 8 Sirocco को भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है।